वित्तीय पूर्वानुमान के तरीके
स्टैटिस्टिकल मॉडल, विशेषज्ञों की राय और मशीन लर्निंग की तुलना करके अपने डेटा और लक्ष्य के लिए सही पूर्वानुमान तरीका चुनें।

पूर्वानुमान के दो नज़रिए
मात्रात्मक पूर्वानुमान में संख्यात्मक डेटा और स्टैटिस्टिकल मॉडल का इस्तेमाल होता है। गुणात्मक पूर्वानुमान विशेषज्ञों की राय और बाज़ार की समझ पर आधारित होता है। दोनों को साथ इस्तेमाल करने से एक तरीके की कमियों को दूसरे से दूर करने में मदद मिल सकती है।
आँकड़ों पर आधारित पूर्वानुमान मॉडल
मात्रात्मक मॉडल संख्यात्मक डेटा का इस्तेमाल करते हैं। जब पुराने रिकॉर्ड भरपूर हों और पिछले रुझानों के जारी रहने की उम्मीद हो, तब ये खास तौर पर अच्छा काम करते हैं।
टाइम सीरीज़ विश्लेषण
टाइम सीरीज़ विश्लेषण में समय के साथ जुटाए गए डेटा को देखा जाता है। मूविंग एवरेज और एक्सपोनेंशियल स्मूदिंग इसके आम तरीके हैं। बाज़ार के कई बुनियादी पूर्वानुमान मॉडल यहीं से शुरू होते हैं।
ARIMA मॉडल
ARIMA (ऑटोरेग्रेसिव इंटीग्रेटेड मूविंग एवरेज) पुराने अवलोकनों और पूर्वानुमान की त्रुटियों के संबंधों को मॉडल करता है। डिफ़रेंसिंग से ट्रेंड कम हो सकता है; सीज़नल ARIMA मौसमी घटक जोड़ता है। सटीकता नए डेटा पर जाँचें।
मोंटे कार्लो सिमुलेशन
मोंटे कार्लो सिमुलेशन में हज़ारों रैंडम स्थितियाँ चलाकर अलग-अलग नतीजों की संभावना का अनुमान लगाया जाता है। नतीजे अनिश्चित होने पर इससे जोखिम का आकलन करने में मदद मिलती है।
राय और अनुभव पर आधारित पूर्वानुमान
डेटा कम होने पर गुणात्मक तरीके मदद करते हैं, जैसे वैश्विक महामारी के दौरान या तकनीक में किसी बड़े बदलाव के बाद।
- डेल्फ़ी तरीके में दो या अधिक दौर की प्रश्नावलियों के ज़रिए विशेषज्ञों की राय जुटाई जाती है।
- मार्केट रिसर्च में सर्वे और ग्राहकों की राय से नए उत्पादों या सेवाओं की माँग का अनुमान लगाया जाता है।
- सिनेरियो प्लानिंग में भविष्य की अलग-अलग संभावित स्थितियों को समझाया जाता है, ताकि नेतृत्व ऐसी योजनाएँ बना सके जिन्हें ज़रूरत के मुताबिक बदला जा सके।
तरीका चुनें
तरीका चुनने से पहले इन सवालों पर विचार करें:
- आपको कितने आगे तक का अनुमान चाहिए?
- आपके पास कितना पुराना डेटा है और वह कितना भरोसेमंद है?
- अनुमान कितना सटीक होना चाहिए?
- आप कितना बजट और कौन-से तकनीकी संसाधन इस्तेमाल कर सकते हैं?
आर्टिफ़िशियल इंटेलिजेंस और मशीन लर्निंग
न्यूरल नेटवर्क और डीप लर्निंग मॉडल वित्तीय डेटा में गैर-रैखिक संबंधों का विश्लेषण करते हैं। वे समाचार लेखों और सोशल मीडिया फ़ीड को प्रोसेस करके बाज़ार के अनुमानों को रियल टाइम में अपडेट भी कर सकते हैं।
आर्टिफ़िशियल इंटेलिजेंस मॉडल के नतीजों को समझना मुश्किल हो सकता है। उनके इस्तेमाल पर इंसानी निगरानी और उनके नतीजों के आधार पर लिए गए फैसलों की ज़िम्मेदारी अब भी ज़रूरी है।
पूर्वानुमान में होने वाली आम गलतियाँ
पूर्वानुमान बनाते या उसकी समीक्षा करते समय इन गलतियों पर ध्यान दें:
- ओवरफ़िटिंग तब होती है जब मॉडल पुराने डेटा के हिसाब से इतना ढल जाता है कि नए डेटा पर उसका प्रदर्शन खराब हो जाता है।
- सिलेक्शन बायस तब हो सकता है जब आप सिर्फ़ वह डेटा इस्तेमाल करते हैं जो आपके पहले से पसंद किए गए निष्कर्ष का समर्थन करता है।
- असामान्य डेटा किसी वास्तविक घटना या गलती, दोनों से आ सकता है। उसे पूरा हटा देने से जोखिम छिप सकते हैं। डेटा बदलने से पहले उसकी जाँच करें।
हमारा होम पेज बताता है कि कारोबार की योजना और निवेश के फैसलों में पूर्वानुमान का इस्तेमाल कैसे होता है।